Page Loader
देपचांग और डेमचोक में भारत-चीन की सेनाएं पीछे हटीं, दीवाली पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाएंगे सैनिक
LAC पर भारत-चीन के बीच डिसइंगेजमेंट प्रक्रिया पूरी हो गई है

देपचांग और डेमचोक में भारत-चीन की सेनाएं पीछे हटीं, दीवाली पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाएंगे सैनिक

लेखन आबिद खान
Oct 30, 2024
05:35 pm

क्या है खबर?

भारत और चीन के बीच की वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के संबंध में बड़ी खबर आई है। दोनों ही देशों की सेनाएं LAC के डेपसांग और डेमचोक से पूरी तरह पीछे हट गई हैं। यानी डेपसांग और डेमचोक में डिसएंगेजमेंट प्रक्रिया पूरी हो गई है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बल सत्यापन कर रहे हैं। वहीं, भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से जल्द ही गश्त शुरू की जाएगी।

गश्त

जल्द शुरू होगी गश्त

जानकारी के मुताबिक, अब दोनों देशों के बीच लोकल कमांडर स्तर पर बातचीत शुरू होगी और LAC पर भारत और चीन की सेनाएं जल्द गश्त शुरू करेंगी। गश्त के तौर-तरीके ग्राउंड कमांडरों के बीच तय किए जाएंगे। कल यानी 31 अक्टूबर को दिवाली के अवसर पर चीन और भारत के सैनिक एक-दूसरे को मिठाई खिलाएंगे। भारत में चीनी राजदूत जू फेहोंग ने कहा कि दोनों देश 'साझा समझ के बिंदु' पर पहुंच गए हैं।

समझौता

दोनों देशों के बीच हुआ था समझौता 

21 अक्टूबर को भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत और चीन के बीच LAC पर गश्त को लेकर सहमति बनी है। विदेश सचिव मिस्री ने कहा था, "भारत और चीन के अधिकारी हाल ही में हुई बातचीत के बाद LAC पर गश्त व्यवस्था पर एक समझौते पर पहुंच गए हैं। इसके परिणामस्वरूप भारत-चीन सीमा क्षेत्र में से सैनिकों की वापसी हो रही है और अंततः 2020 में इन क्षेत्रों में उत्पन्न मुद्दों का समाधान हो रहा है।"