दिल्ली में पलटा डीजल टैंकर, सड़क पर बह रहा था तेल, लोग बाल्टी लेकर ऐसे टूट पड़े!
मंगलवार रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे के ताजपुर फ्लाईओवर पर एक डीजल टैंकर पलट गया। इसकी वजह से गोयला डेयरी के पास भारी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया। पुलिस ने फौरन ट्रैफिक को सर्विस रोड पर मोड़ दिया, ताकि हालात काबू में रहें। उधर, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) की टीमें डीजल का रिसाव रोकने और सफाई करने में जुट गईं।
लोगों द्वारा डीजल इकट्ठा करने का मामला, जांच जारी
सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें लोग बाल्टी और डिब्बों में सड़क पर गिरा डीजल इकट्ठा करते दिख रहे थे। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और टैंकर के ड्राइवर व अन्य यात्रियों से पूछताछ की। इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। HPCL ने सफाई के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया, और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका। हादसे की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए अभी जांच चल रही है।