Page Loader
उत्तर प्रदेश: गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की 12 बोगियां पटरी से उतरी, 5 यात्रियों की मौत
उत्तर प्रदेश में पटरी से उतरी डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की बोगियां (तस्वीर: एक्स/@ranvijaylive)

उत्तर प्रदेश: गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की 12 बोगियां पटरी से उतरी, 5 यात्रियों की मौत

लेखन गजेंद्र
Jul 18, 2024
03:49 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के गोंडा में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है। गुरुवार को चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904) की 12 बोगियां पटरी से उतर गईं। इनमें करीब 3 बोगियां पूरी तरह पलटी हैं। दैनिक भास्कर के मुताबिक, हादसे में 5 यात्रियों की मौत की खबर है, जबकि 25 से 30 यात्री घायल हैं। हालांकि, अधिकारियों ने मौत की पुष्टि नहीं की है। मौके पर रेलवे के आला अधिकारी मौजूद हैं। हादसा गोंडा और मनकापुर के बीच हुआ है।

हादसा

AC कोच की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को निकाला गया

हादसा गुरुवार दोपहर बाद करीब 2:30 बजे गोंडा के बरुआ चक और मोतीगंज रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन गोंडा से 20 किलोमीटर आगे निकली थी। मनकापुर घटनास्थल से 5 किलोमीटर दूर था। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वातानुकूलित (AC) कोच की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसा के कारणों का पता नहीं चला है। ट्रेन रात में 11:39 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई थी। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

घटना

2 यात्रियों के पैर कटे

रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में घायल होने वाले ज्यादातर यात्री AC कोच के हैं। ट्रेन और पटरी के बीच में आने से 2 यात्रियों के पैर कट गए हैं। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन की बोगियां पटरी से 100 मीटर दूर गिरी थीं। मौके पर काफी भयावह दृश्य नजर आ रहा है। आसपास के गांवों के लोग भी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। कुछ लोगों को चारपाई पर लिटाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया।

जांच

लखनऊ-गोरखपुर रेल मार्ग बंद किया गया

हादसे के बाद लखनऊ-गोरखपुर रेल मार्ग बंद कर दिया गया है और कई ट्रेनों के मार्गों में परिवर्तन किया गया है। जहां हादसा हुआ, वहां से अयोध्या 30 और लखनऊ 130 किलोमीटर दूर है। मौके पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा समेत कई अधिकारी पहुंचे हैं। डॉक्टरों की टीम मौके पर घायलों को देख रही है। हादसे के समय कुछ यात्री AC खिड़कियों को तोड़कर बाहर गिर गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन से घटना की जानकारी ली है।

ट्विटर पोस्ट

घटनास्थल की वीडियो