LOADING...
DGCA का एयर इंडिया को आदेश- 3 कर्मचारियों को बर्खास्त करो, एयरलाइन को चेतावनी भी दी
DGCA ने एयर इंडिया को 3 कर्मचारियों को बर्खास्त करने का आदेश दिया है

DGCA का एयर इंडिया को आदेश- 3 कर्मचारियों को बर्खास्त करो, एयरलाइन को चेतावनी भी दी

लेखन आबिद खान
Jun 21, 2025
02:43 pm

क्या है खबर?

12 जून को हुए अहमदाबाद विमान हादसे में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया को अपने 3 कर्मचारियों को तुरंत बर्खास्त करने को कहा है। बताया जा रहा है कि ये कर्मचारी क्रू शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग का काम संभालते थे। इसमें लगातार गंभीर लापरवाहियां सामने आने के बाद इन कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल समाप्त करने को कहा गया है। DGCA ने एयर इंडिया को चेतावनी भी दी है।

आदेश

DGCA ने आदेश में क्या कहा है?

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, DGCA ने नोटिस में कहा, "एयर इंडिया द्वारा लाइसेंसिंग, आराम और रीसेंसी आवश्यकताओं में चूक के बावजूद फ्लाइट क्रू के शेड्यूल और संचालन के संबंध में बार-बार और गंभीर उल्लंघनों का खुलासा किया गया। ये क्रू शेड्यूलिंग, अनुपालन निगरानी और आंतरिक जवाबदेही में प्रणालीगत विफलताओं की ओर इशारा करते हैं। चिंता की बात है कि इन परिचालन चूकों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार प्रमुख अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक उपायों का अभाव है।"

चेतावनी

DGCA ने एयर इंडिया को चेतावनी भी दी

DGCA ने एयर इंडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि क्रू शेड्यूलिंग मानदंडों, लाइसेंसिंग या उड़ान समय सीमाओं के किसी भी उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें दंड, लाइसेंस निलंबन या ऑपरेटर अनुमति वापस लेना शामिल है। DGCA ने एयरलाइन को 16 और 17 मई को बैंगलोर-लंदन की 2 उड़ानों को लेकर नोटिस भी जारी किया है। इन उड़ानों में पायलटों को तय नियमों के विरुद्ध 10 घंटे से अधिक समय तक उड़ान भरने की अनुमति दी गई थी।

अधिकारी

किन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई?

DGCA ने एयर इंडिया के डिवीजनल उपाध्यक्ष चूड़ा सिंह, मुख्य प्रबंधक (क्रू शेड्यूलिंग) पिंकी मित्तल और क्रू शेड्यूलिंग (योजना) पायल अरोड़ा को हटाने का निर्देश दिया है। DGCA ने इन अधिकारियों के खिलाफ बिना किसी देरी के आंतरिक अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का भी निर्देश दिया है और कहा है कि ऐसी कार्यवाही की रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर दी जाए। एयर इंडिया ने कहा कि उसने DGCA के आदेश को लागू कर दिया है।

बुकिंग

हादसे के बाद एयर इंडिया की बुकिंग 20 प्रतिशत घटी

अहमदाबाद हादसे के बाद से यात्रियों का एयर इंडिया पर से भरोसे डगमगाने लगा है। एयर इंडिया के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बुकिंग में करीब 20 प्रतिशत की गिरावट आई है। इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO), एयरलाइन के घरेलू टिकट की कीमतों में 8-12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय रूटों पर किराए में 10-15 प्रतिशत की कमी आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुकिंग रद्द करने की दर भी 15-18 प्रतिशत बढ़ी है।

हादसा

हादसे में मारे गए हैं 274 लोग 

12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर (AI-171) मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में 242 यात्री, 2 पायलट और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिसमें सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी हादसे में मौत हो गई। वहीं, जमीन पर करीब 20 लोगों की मौत हुई है।