अडानी इंस्टीट्यूट में 23 पदक जीतकर छात्र ने रचा इतिहास, मुख्यमंत्री फडणवीस को भी मिली मानद उपाधि
अडानी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च का नाम बदलने के बाद हुए पहले दीक्षांत समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मानद डॉक्टरेट ऑफ लिटरेचर की उपाधि से सम्मानित किया गया। इस दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति डॉ प्रीति अडानी ने की। इस खास मौके पर अलग-अलग विषयों में 2,320 छात्रों ने अपनी डिग्री हासिल की, जो कैंपस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
पूजल देवदास मापारी ने जीते 23 पदक
विश्वविद्यालय ने कुल 123 छात्रों को Phd की डिग्री प्रदान की। इसके साथ ही पढ़ाई में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों को 123 स्वर्ण पदक और 7 रजत पदक देकर सम्मानित किया गया। इस समारोह में पूजल देवदास मापारी ने अपनी पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 पदक जीते और वह समारोह की मुख्य आकर्षण रहीं। डॉ अभिजात शेठ को भी मेडिकल शिक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके अहम योगदान के लिए मानद डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि से नवाजा गया। इस अवसर पर डॉ प्रीति अडानी ने दिवंगत श्री दत्ता मेघे को श्रद्धांजलि अर्पित की।