महाराष्ट्र में दूध में डिटर्जेंट की मिलावट से हड़कंप, लाखों लीटर जब्त
महाराष्ट्र में जिस दूध को हम शुद्ध मानकर पीते हैं, वो शायद उतना शुद्ध न हो। NDTV की पड़ताल और राज्य FDA की लैब में किए गए टेस्ट में कई दूध के नमूनों में डिटर्जेंट की मिलावट पाई गई। मिलावट करने वाले पानी, यूरिया और कई तरह के केमिकल मिलाकर इसे असली दूध जैसा दिखाने की कोशिश करते हैं। डिटर्जेंट मिलाने से दूध में वो झाग आ जाता है, जिससे यह असली जैसा दिखता है।
सेहत के लिए खतरनाक मिलावटी दूध
डिटर्जेंट मिला यह दूध पीने से पेट में दर्द, फूड पॉइजनिंग जैसी दिक्कतें हो सकती हैं और यह लंबे समय में सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। खासकर बच्चों के लिए यह बहुत खतरनाक साबित हो सकता है। इन नतीजों के सामने आते ही जुलाई महीने में महाराष्ट्र FDA ने कड़ी कार्रवाई की। उन्होंने लातूर से करीब 7,500 लीटर दूध जब्त किया और सोलापुर में लगभग 37,532 लीटर दूध को नष्ट करवा दिया।
FDA ने कुछ डेयरियों में साफ-सफाई की कमी भी पाई और अब सख्त पैकेजिंग नियमों को लागू करने पर विचार कर रही है। हालांकि, छोटे व्यापारियों का कहना है कि इन नए नियमों को अपनाने में उन्हें कुछ वक्त लगेगा।