दिल्ली: मानसून गया, दमघोंटू दिन लौटे? बारिश से उम्मीद पर पराली से बढ़ा डर
मानसून की विदाई के साथ ही दिल्ली की हवा एक बार फिर बिगड़ने लगी है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 145 तक पहुंच गया है। हालांकि, यह बहुत खराब श्रेणी में नहीं आता, पर इसे अच्छा भी नहीं कहा जा सकता।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि शनिवार को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे प्रदूषण से थोड़ी राहत मिल सकती है। दिन के समय तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, वहीं रातें 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के साथ काफी आरामदायक हो गई हैं।
सैटेलाइट्स ने 6 राज्यों में 51 आग की घटनाएं पकड़ीं
उत्तर भारत में धान की कटाई शुरू हो गई है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि 24 सितंबर तक 6 राज्यों में आग लगने की 51 घटनाएं सामने आई हैं। कम बारिश के कारण मिट्टी काफी सूखी हुई है, ऐसे में अगर ठीक से बारिश नहीं हुई तो धूल उड़ने की आशंका बढ़ सकती है।
एक तरफ जहां अल नीनो मौसम को और भी मुश्किल बना रहा है, वहीं दूसरी तरफ धान की कटाई का मौसम भी आ चुका है। इन सभी वजहों से आने वाले महीनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की संभावना है।