दिल्ली में शनिवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 367 दर्ज किया गया। यह स्तर अभी भी 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। हालांकि, शुक्रवार के मुकाबले इसमें थोड़ी कमी आई है। मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है कि जल्द ही बारिश हो सकती है, जिससे हवा में सुधार की उम्मीद है। दिल्ली के वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का भी अनुमान है कि अगले 48 घंटों में प्रदूषण का स्तर, खासकर PM2.5 और PM10 नीचे आएगा।
वाहन और पराली बिगाड़ रहे दिल्ली की हवा
दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से ज्यादातर पर वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' या 'बेहद खराब' श्रेणी में पाई गई। फिलहाल वाहनों से होने वाला प्रदूषण सबसे बड़ा कारण है, जो कुल प्रदूषण का 20.5 प्रतिशत है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में पराली जलाने की वजह से भी दिल्ली की हवा खराब हो रही है। हाल ही में उपग्रह से ऐसे 537 मामले सामने आए हैं।