दिल्ली की हवा में घुला जहर, AQI 60 से बढ़कर 117 पर पहुंचा
इस हफ्ते दिल्ली की हवा की गुणवत्ता को बड़ा झटका लगा है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 60 के संतोषजनक स्तर से बढ़कर 117 पर पहुंच गया। इस उछाल ने शहर को 'संतोषजनक' से 'मध्यम' श्रेणी के प्रदूषण में ला दिया है। कुल 58 निगरानी केंद्रों में से आधे से ज्यादा में मध्यम स्तर का प्रदूषण दर्ज किया गया। सबसे खराब हालत जहांगीरपुरी की रही, जहं AQI 243 पर पहुंच गया।
दिल्ली प्रदूषण में पराली जलाने की 19.1 प्रतिशत हिस्सेदारी
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की सबसे बड़ी वजह पराली जलाना रहा, जिसने कुल प्रदूषण में 19.1 प्रतिशत का योगदान दिया। वहीं, गाड़ियों से निकलने वाले धुएं का हिस्सा 16.3 प्रतिशत रहा। घरों से निकलने वाले धुएं, फैक्ट्रियों और निर्माण कार्य की धूल ने भी हवा को प्रदूषित किया। साथ ही गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे पड़ोसी शहरों से भी दिल्ली के प्रदूषण में इजाफा हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता और खराब होकर 'खराब' या 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच सकती है। इसका मतलब है कि अभी मास्क पहनना जारी रखना होगा।