दिल्ली में हवा की गुणवत्ता लगातार तीसरे दिन सुधरती हुई दिख रही है। मंगलवार को पूरे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 238 दर्ज किया गया, जो सोमवार के 275 के मुकाबले कम है। हालांकि, हर जगह लोगों को साफ हवा में सांस लेने को नहीं मिल रही है।
ITO, सिरीफोर्ट और जाफरपुर जैसे इलाकों में AQI का स्तर अभी भी 340 के पार बना हुआ है। वहीं, लोधी रोड पर AQI 192 रहा, जो थोड़ी बेहतर स्थिति दिखाता है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गुरुग्राम की हवा 'बहुत खराब' कैटेगरी में बनी हुई है, जहां AQI 300 रिकॉर्ड किया गया। जबकि, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में हवा की गुणवत्ता थोड़ी बेहतर पाई गई।
PM2.5 है मुख्य प्रदूषक, 17-18 नवंबर को गिरावट का अनुमान
दिल्ली में हवा में मौजूद PM2.5 के महीन कण अब भी प्रदूषण के मुख्य कारण बने हुए हैं। इस हफ्ते ठंडा मौसम हवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी ने बताया है कि 17 और 18 नवंबर को PM2.5 और PM10 प्रदूषक तत्वों की मात्रा में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।