दिल्ली पर फिर दम घोंटू हवा, एक हफ्ते तक 'खराब' श्रेणी में रहेगी
दिल्ली में एक बार फिर हवा की गुणवत्ता बिगड़ने वाली है। सोमवार से शहर की हवा 'खराब' श्रेणी में पहुंच सकती है और ऐसा अनुमान है कि यह करीब एक हफ्ते तक इसी स्थिति में रहेगी।
अभी से ग्रेटर नोएडा का AQI 220 के चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली में भी हवा 'मध्यम' श्रेणी से अब 'खराब' की तरफ जा रही है।
हवा में यह गिरावट सूखे मौसम, हवा की धीमी रफ्तार और स्थानीय प्रदूषण की वजह से हो रही है। पराली जलाना भी इसमें एक बड़ा कारण बन रहा है।
पराली और प्रदूषण से दिल्ली का AQI दो गुना बढ़ा
सिर्फ 18 अक्टूबर, रविवार के दिन ही 7 राज्यों में 208 जगहों पर पराली जलाई गई। इनमें से आधे से ज्यादा मामले अकेले पंजाब में सामने आए।
ट्रैफिक से निकलने वाले धुएं, कंस्ट्रक्शन की धूल, हवा की धीमी रफ्तार और सूखे मौसम ने मिलकर प्रदूषण के स्तर को काफी बढ़ा दिया। नतीजा यह हुआ कि वीकेंड पर दिल्ली का AQI दोगुने से भी ज्यादा हो गया।
सैटेलाइट से इन प्रदूषण फैलाने वाले सभी स्रोतों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारी इन जानकारियों का इस्तेमाल नियमों को सख्ती से लागू करने और दोषियों पर कार्रवाई करने में कर रहे हैं।