दिल्ली के AQI में हुआ था सुधार, अब हवा फिर हुई 'खराब'
बारिश और तेज हवाओं से दिल्ली को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली थी। 15 अक्टूबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 66 पर आ गया था। लेकिन यह साफ हवा ज्यादा देर नहीं टिक पाई। अगली सुबह होते-होते प्रदूषण फिर से बढ़ने लगा और AQI 158 के साथ 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया है।
सूखा मौसम दिल्ली में फंसाएगा प्रदूषण
भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि कम से कम 22 अक्टूबर तक अब और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। सूखे मौसम और बढ़ते तापमान के कारण प्रदूषकों का वातावरण से साफ होना और मुश्किल हो जाएगा।
कारों से निकलने वाला धुआं, धूल, निर्माण कार्य और आसपास के खेतों में जलने वाली पराली का धुआं, ये सभी प्रदूषण को और बढ़ा रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि दिल्ली की हवा अभी कुछ समय तक खराब ही रहेगी।
सर्दियों में दिल्ली की हवा फिर होगी जहरीली?
दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलने से पहले ही सर्दियां स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं। ठंडी हवा और धीमी हवाओं के कारण प्रदूषक जमीन के करीब जमा होने लगते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता खराब हो सकती है। वाहनों और उद्योगों से निकलने वाला धुआं, सड़कों की धूल और निर्माण कार्य भी प्रदूषण बढ़ाएंगे। बारिश नहीं होने पर स्थिति और बिगड़ सकती है। ऐसे में राजधानी के नए प्रदूषणरोधी नियमों की भी परीक्षा होगी।