LOADING...
दिल्ली में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत, 3 अधिकारी निलंबित
नोएडा के बाद अब दिल्ली में एक बाइक सवार युवक की गड्ढे में गिरने से मौत (तस्वीर: एक्स/@Saurabh_MLAgk)

दिल्ली में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत, 3 अधिकारी निलंबित

लेखन गजेंद्र
Feb 06, 2026
03:51 pm

क्या है खबर?

नोएडा के बाद अब दिल्ली में एक युवक विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ गया। यहां के जनकपुरी इलाके में गुरुवार रात को एक बाइक सवार युवक की 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना रात साढ़े 8 बजे की है। मृतक युवक की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल ध्यानी (25) के रूप में हुई है। युवक सुबह तक गड्ढे में गिरा पड़ा था। बताया जा रहा है कि यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने खुदवाया था।

जांच

रोहिणी स्थित दफ्तर से घर लौट रहा था युवक

पुलिस ने बताया कि कमल गुरुवार रात को रोहिणी स्थित अपने दफ्तर से घर लौट रहा था, तभी जनकपुरी के पास यह हादसा हुआ। कमल के देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की थी और थानों के चक्कर लगाए थे। हालांकि, उनके पास सुबह साढ़े 7 बजे घटना के संबंध में फोन आया। बताया जा रहा है कि युवक का शव रात भर बाइक के साथ गड्ढे में पड़ा था। उसे सुबह निकाला गया।

जांच

जांच गठित, DJB के 3 अधिकारी निलंबित

नवभारत टाइम्स के मुताबिक, जनकपुरी रोड पर यह गड्डा DJB ने खुदवाया था, लेकिन ढका नहीं गया और काफी दिनों से खुला पड़ा था। लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है और कमेटी का गठन किया गया है। दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की प्रारंभिक जांच के बाद DJB के 3 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

सौरभ भारद्वाज का पोस्ट

Advertisement

कार्रवाई

AAP ने दिल्ली सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया

आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने घटना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। AAP पार्षद रमिंदर कौर ने बताया कि घटनास्थल पर न तो कोई बैरिकेडिंग थी और न ही कोई खतरे की सूचना का बोर्ड लगा था। DJB ने घटना पर गंभीरता दिखाते हुए नागरिकों से टोल-फ्री नंबर 1916 पर असुरक्षित स्थानों की रिपोर्ट करने का आग्रह किया है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।

घटना

नोएडा की घटना से नहीं लिया सबक

पिछले महीने दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की बेसमेंट के गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। मेहता रात में दफ्तर से लौट रहे थे, तभी घने कोहरे के कारण उनकी कार बैरीकेड को तोड़ते हुए पानी से भरे बेसमेंट में गिर गई। घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण के CEO लोकेश एम को हटा दिया और एक जूनियर इंजीनियर की सेवाएं समाप्त कर दी थीं।

Advertisement