दिल्ली के एक कैफे में पार्टी के बाद साथियों ने युवती का गैंगरेप किया, 3 गिरफ्तार
क्या है खबर?
दिल्ली के प्रीत इलाके से गैंगरेप की खबर सामने आई है। यहां एक कैफे में 22 वर्षीय युवती के साथ उसके ही साथियों ने गैंगरेप किया है। घटना मंगलवार तड़के साढ़े 3 बजे की है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 अन्य फरार है। महिला ने शिकायत में बताया कि वह अपने 8 साथियों के साथ कैफे गई थी। हालांकि, 2 लोग वारदात से पहले चले गए थे।
घटना
पूरा मामला क्या है?
पुलिस ने बताया कि पीड़िता और सभी आरोपी कड़कड़डूमा के क्रॉस रिवर मॉल में स्थित कैफे 8 में काम करते हैं। उन्होंने सोमवार रात पार्टी की योजना बनाई।
वे पार्टी के लिए प्रीत विहार के सल्तनत कैफे में इकट्ठा हुए। कैफे आमतौर पर रात 11:30 बजे बंद हो जाता है, लेकिन समूह के एक साथी के पास चाबियां थीं।
उन्होंने कैफे खोला और तड़के साढ़े 3 बजे तक शराब पीकर डांस किया। इसके बाद सभी चले गए।
वारदात
महिला ने सुबह 5:30 बजे दर्ज कराई FIR
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पार्टी के बाद महिला ने मंगलवार सुबह 5:30 बजे थाने पहुंचकर 2 महिलाओं समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
महिला ने पुलिस को बताया कि गैंगरेप करने वालों में 2 युवक शामिल थे, जबकि अन्य 4 लोगों ने गलत काम में उनका साथ दिया था।
पुलिस ने बताया कि महिला के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज होंगे। फरार 3 की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।