दिल्ली के जंगपुरा में बनेगा डाॅग पार्क, डेढ़ एकड़ में होगा विकसित
कुत्तों के शौकीनों के लिए दिल्ली के जंगपुरा में पहला आधिकारिक डॉग पार्क बनने जा रहा है। 2 साल के लंबे इंतजार के बाद जंगपुरा-डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर के पास करीब 1.5 एकड़ की जगह में ये पार्क बनाया जाएगा। इसमें कुत्तों के लिए एक्सरसाइज जोन, घूमने के लिए ट्रेल्स, स्विमिंग और ट्रैकिंग के लिए खास जगहें होंगी।
इसके साथ ही, ग्रूमिंग सेंटर, वेट क्लिनिक और डेकेयर जैसी सुविधाएं भी यहां मिलेंगी। दिल्ली नगर निगम (MCD) इस पार्क को चलाने के लिए एक प्राइवेट ऑपरेटर को जिम्मेदारी देगा। यहां एक साथ 20 से ज्यादा कुत्ते आराम से खेल पाएंगे।
एंट्री के लिए वैक्सीनेशन और रजिस्ट्रेशन जरूरी
इस पार्क में दाखिल होने के लिए डबल गेट वाली एंट्री होगी। यहां सिर्फ उन्हीं कुत्तों को आने की इजाजत मिलेगी, जो पूरी तरह से वैक्सीनेटेड और रजिस्टर्ड होंगे। इसके अलावा, आवारा कुत्तों के लिए भी खास इनक्लोजर बनाए जाएंगे। यह कदम दिल्ली में एनिमल वेलफेयर को बढ़ावा देने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है।
अधिकारियों का कहना है कि अगर, ये पार्क सफल रहा तो शहर के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे और पार्क बन सकते हैं। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया, "हमें उम्मीद है कि इससे लोग रेस्पोंसिबल पेट ओनरशिप को समझेंगे और अपनाएंगे, साथ ही कुत्तों को खेलने के लिए एक सुरक्षित जगह मिलेगी।"