DU में छात्राओं के साथ छेड़छाड़, आरोपियों ने पीछा किया; पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप
दिल्ली यूनिवर्सिटी में हाल ही में हुए उत्पीड़न के एक मामले ने कैंपस की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। 2 छात्राओं ने बताया कि कार सवार कुछ लड़कों ने उनका पीछा किया। उन्होंने मदद के लिए इमरजेंसी कॉल भी की, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया।
पुलिस थानों ने भी अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर उनकी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। आरोपी लड़कों ने कथित तौर पर उनके साथ बदतमीजी की और उनका पीछा करते हुए उनके हॉस्टल तक पहुंच गए। इस घटना से छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
आर्ट्स फैकल्टी में महिला सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन
इस घटना के बाद आर्ट्स फैकल्टी में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस के आसपास महिला सुरक्षा को लेकर अपनी गहरी चिंता जताई।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ ही दिन पहले कैंपस में एक और गंभीर घटना हुई थी। दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस के आसपास महिला सुरक्षा को लेकर छात्रों में लगातार चिंता बनी हुई है। वे चाहते हैं कि सुरक्षा के लिए और कड़े कदम उठाए जाएं।