दिल्ली तुगलकाबाद आगजनी मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने किशोरी समेत 4 को गिरफ्तार किया
क्या है खबर?
दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में 12 जून को 5 मंजिला इमारत में हुई आगजनी की घटना को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कहा है कि 2 चचेरे भाइयों के बीच पैसों के लेन-देन के चलते ये आगजनी की घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में एक किशोरी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई थी।
वीडियो
CCTV में कैद हुई नाबालिग
पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज में एक नाबालिग को आग लगने से कुछ समय पहले चेहरा ढांककर इमारत में प्रवेश करते और फिर तेजी से बाहर निकलते देखा गया था। इस नाबालिग ने पुलिस को बताया कि गिरिनगर की रहने वाली 27 वर्षीय सरिता ने इमारत की 5वीं मंजिल पर रहने वाले दीपक के स्कूटर में आग लगाने के लिए उकसाया था। दीपक का अपने चचेरे भाई निरंजन के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस
पुलिस ने हत्या के आरोप में दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने निरंजन (33), उसके भाई राजकुमार (27) और सरिता (27) को गिरफ्तार किया गया है। एक 17 वर्षीय लड़की को भी हिरासत में लिया गया है। चारों पर आपराधिक साजिश, गैर इरादतन हत्या, हत्या का प्रयास, आगजनी और अतिक्रमण से संबंधित धाराओं में आरोप जोड़े गए हैं। इस घटना में 70 वर्षीय सुशीला देवी, उनके पोते पंकज पांडे (28 वर्ष) और पोती सोनी (20 वर्ष) की मौत हो गई थी।