जॉन अब्राहम और शिवम नायर फिर साथ, तैयार हो रही करियर की सबसे बड़ी एक्शन थ्रिलर
क्या है खबर?
'द डिप्लोमैट' की सफलता के बाद अभिनेता जॉन अब्राहम एक बार फिर निर्देशक शिवम नायर के साथ हाथ मिलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अभिनेता और निर्देशक की ये जोड़ी अब एक धमाकेदार 'टू-हीरो' एक्शन थ्रिेलर फिल्म के लिए साथ आ रही है। इस प्रोजेक्ट में जबरदस्त थ्रिल और डबल एक्शन का तड़का देखने को मिलेगा, जिसने ऐलान के साथ ही फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के बीच भारी उत्सुकता जगा दी है।
कहानी
जॉन को पसंद आई नई एक्शन-मसाला फिल्म की कहानी
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, इस फिल्म की कहानी से जुड़ी जानकारियां अभी गुप्त रखी गई हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक ये दो ताकतवर अभिनेताआ की धमाकेदार एक्शन-मसाला फिल्म होगी।
जॉन को फिल्म का कांसेप्ट बहुत पसंद आया और वो तुरंत इसके लिए तैयार हो गए। निर्माता इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं और 2027 के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है।
फिल्म और किरदार
'द डिप्लोमैट' में जेपी सिंह बन छा गए थे जॉन अब्राहम
जॉन और शिवम नायर की साथ में पहली फिल्म 'द डिप्लोमैट' दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों को भी बहुत पसंद आई और इसने कमाई भी अच्छी की। फिल्म में भारतीय राजनयिक जेपी सिंह के रोल में जॉन की गंभीर और दमदार एक्टिंग की खूब तारीफ हुई।
कहानी एक ऐसी भारतीय लड़की को पाकिस्तान से वापस भारत लाने की कोशिशों पर बनी थी, जिसकी मर्जी के खिलाफ धोखा देकर जबरदस्ती शादी करा दी गई थी।
धमाका
निर्देशक के करियर का सबसे बड़ा कमर्शियल धमाका
'द डिप्लोमैट' की सफलता के बाद से जॉन और शिवम नायर एक-दूसरे के संपर्क में थे और एक और फिल्म के लिए कई विचारों पर चर्चा कर रहे थे। आखिरकार उन्होंने इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को फाइनल किया।
सूत्रों का कहना है कि यह फिल्म शिवम नायर के करियर का अब तक का सबसे बड़ा कमर्शियल प्रोजेक्ट होगी। इससे पहले निर्देशक 'नाम शबाना', 'स्पेशल ऑप्स' और 'मुखबिर' जैसी जासूसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
अन्य फिल्में
जॉन की ये 2 फिल्में भी हैं कतार में
नायर की इस फिल्म से पहले जॉन फिल्म 'फोर्स 3' में नजर आएंगे, जिसमें उनके सामने 'सनम तेरी कसम' के हीरो हर्षवर्धन राणे होंगे।
भाव धुलिया के निर्देशन में बन रही 'फोर्स 3' का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और ये 19 मार्च 2027 को रिलीज होगी, वहीं जॉन की अगली रिलीज रोहित शेट्टी की 'IPS मारिया' होगी, जो पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया के जीवन पर आधारित है और इस साल के अंत में आएगी।