दिल्ली: हौज खास में रथ यात्रा से बदली ट्रैफिक व्यवस्था, इन रास्तों से बचें
दिल्ली में इस गुरुवार को बाहर निकलने से पहले एक जरूरी खबर जान लीजिए। दरअसल, हौज खास में दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान भारी भीड़ जमा होने की संभावना है, इसलिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जुलूस के रास्ते पर कई ट्रैफिक पाबंदियां लागू की हैं।
अरोबिंदो मार्ग पर ट्रैफिक पाबंदी
अरोबिंदो मार्ग पर IIT फ्लाईओवर से AIIMS फ्लाईओवर लूप तक, साथ ही इससे सटी हुई सड़कें जैसे बलबीर सक्सैना मार्ग, चौधरी दिलीप सिंह मार्ग, चौधरी हुकम चंद मार्ग और गौतम नगर टीओडी (TOD) पर दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रैफिक पर पाबंदी रहेगी।
अगर आपको इन रास्तों से गुजरना है, तो इसके लिए आउटर रिंग रोड, अफ्रीका एवेन्यू, अगस्त क्रांति मार्ग या JB टीटो मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। मेट्रो भी एक अच्छा और आसान विकल्प है। यात्रा मार्ग पर गाड़ी खड़ी करने से बचें। जो लोग अस्पताल या एयरपोर्ट जा रहे हैं, वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। पुलिस ने सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।