दिल्ली: स्कूल के भीतर छात्रा का जला हुआ शव मिला, आत्महत्या की आशंका
क्या है खबर?
दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक स्कूल में एक छात्रा का जला हुआ शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल परिसर के भीतर ही कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। कहा जा रहा है कि उसके पास से 3 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। परिवार के मुताबिक, छात्रा की उम्र 17 साल है। मौके पर पुलिस मौजूद है।
घटना
बैग से संदिग्ध सामान बरामद होने की भी खबर
घटना कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय बाल एवं बालिका विद्यालय की है। पुलिस ने बताया कि स्कूल के गार्ड रूम के पीछे 12वीं कक्षा की छात्रा जली हुई हालत में मिली।
ये भी पता चला कि वो अपने साथ ही ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थी।
शुरुआती जांच-पड़ताल में छात्रा के स्कूल बैग से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है। हालांकि, सामान की प्रकृति को लेकर कुछ जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस
घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने कहा, "कृष्णा नगर स्थित स्कूल से आग की घटना के संबंध में सूचना मिली थी। तुरंत टीम मौके पर पहुंची, जहां स्कूल के गार्ड रूम के पीछे 12वीं कक्षा की लगभग 18 वर्षीय छात्रा जली हुई हालत में मिली। घटनास्थल और मृतका के बैग से कुछ चीजें बरामद की गईं। घटनास्थल की जांच करने और जरूरी सबूत इकट्ठा करने के लिए क्राइम टीम को बुलाया गया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।"