
दिल्ली: दिवाली पर पैर छूने के बाद आरोपी ने शूटर से चाचा-भतीजे की हत्या करवाई
क्या है खबर?
दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र में दिवाली की रात एक चाचा और भतीजे की घर के बाहर त्योहार मनाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना फर्श बाजार इलाके में रात करीब 8:30 बजे के बाद घटी है। वारदात को अंजाम देने के लिए नाबालिग आरोपी एक किराए के शूटर के साथ मौके पर पहुंचा था।
शूटर ने गोली चलाकर 44 वर्षीय आकाश शर्मा और उनके भतीजे 16 वर्षीय ऋषभ शर्मा को गोली मारी है।
गोलीबारी
आकाश शर्मा के पैर छूने आया था नाबालिग
घटना की CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें आकाश शर्मा और ऋषभ शर्मा घर के बाहर पटाखे फोड़ते नजर आ रहे हैं।
तभी बाइक से एक व्यक्ति वहां पहुंचता है और उसके साथ एक अन्य व्यक्ति होता है। बाइक सवार नाबालिग जैसे ही आकाश शर्मा के पैर छूता है, दूसरा व्यक्ति तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ गोलीबारी करता है।
ऋषभ ने उनका पीछा किया तो उसे भी गोली मार दी गई। आकाश का 10 वर्षीय बेटा कृष घायल है।
जांच
नाबालिग ने क्यों करवाई हत्या?
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो 2 लोगों के खून से लथपथ शव पड़े थे। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि आकाश ने नाबालिग आरोपी से उधार में कुछ पैसे लिए थे, जिसे आकाश वापस नहीं कर रहे थे। इससे नाराज होकर आरोपी ने 17 दिन पहले हत्या की योजना बनाई थी।
नाबालिग, मृतक आकाश और उनके परिवार के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हुए हैं।
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली में हत्या का वीडियो आया सामने
दिल्ली के शाहदरा में दिवाली की रात डबल मर्डर -
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) November 1, 2024
हत्यारे गली में आए। पैर छूकर दिवाली की बधाई दी और चाचा आकाश की गोली मारकर हत्या की। भतीजा ऋषभ उन्हें पकड़ने को दौड़ा तो हत्यारों ने उसको भी गोली मार दी। pic.twitter.com/CFhxWl51hK