दिल्ली के स्कूलों को फिर बम से उड़ाने की धमकी, नहीं रुक रहा सिलसिला
क्या है खबर?
दिल्ली के स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल भेजा गया है। अभी तक 3 स्कूलों से धमकियों की जानकारी मिली है। धमकी सूचना पर पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंच गई है। छात्रों को घर वापस भेज दिया गया है। पुलिस ने परिसरों को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया है। अभी तक कुछ संदिग्ध मिलने की जानकारी नहीं मिली है।
धमकी
सुबह 9:12 बजे सबसे पहले स्कूल ने सूचना दी
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मध्य दिल्ली के झंडेवालन स्थित स्कूलों में एक बीटी तमिल स्कूल ने सबसे पहले सुबह लगभग 9:12 बजे अग्निशमन विभाग को सूचित किया था। एक अन्य स्कूल ने अभिभावकों को संदेश भेजा कि आज सुबह स्कूल को सुरक्षा संबंधी खतरा महसूस हुआ, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। स्कूल प्रबंधन ने परिसर सुरक्षित घोषित होते ही कक्षाएं पुनः शुरू करने की बात कही है।
जांच
धमकियां भेजने वाले के हौसले बुलंद
यह पहली बार नहीं है, जब दिल्ली के स्कूल बम की धमकियों से परेशान हैं। कुछ दिन पहले 13 स्कूलों को धमकी मिली थी। उसके बाद पंजाब और चंडीगढ़ के 10 स्कूलों को धमकियां दी गईं। पिछले साल ईमेल से एक साथ दिल्ली और नोएडा के 200 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी। पुलिस अभी तक ईमेल भेजने वाले का पता नहीं लगा सकी है, जिससे उनके हौसले बुलंद है।