दिल्ली के स्कूलों को फिर से मिली बम धमाके की धमकी, जांच मे झूठा निकला मामला
दिल्ली के कई स्कूलों को सोमवार सुबह बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जिनमें सरदार पटेल विद्यालय और चिन्मय विद्यालय भी शामिल थे। इस चेतावनी के बाद तुरंत स्कूलों को खाली करा लिया गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें बिना देरी किए हरकत में आईं और दोपहर तक सभी स्कूलों में पहुंच गईं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी बच्चे और स्टाफ सुरक्षित बाहर आ गए हैं।
स्कूल अधिकारियों ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया
पुलिस, बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों ने स्कूलों के परिसरों की सघन जांच की, लेकिन उन्हें कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद स्कूल अधिकारियों ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि उनके बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा पूरी तरह पुख्ता होने के बाद ही कक्षाएं दोबारा शुरू होंगी। गौर करने लायक है कि महज दो हफ्ते पहले भी परीक्षाओं के दौरान इन्हीं स्कूलों को ऐसी ही धमकियां मिली थीं, जिसके चलते सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।