दिल्ली PG हादसा: 6 माह पहले ही 'असुरक्षित' थी इमारत, मालिक-ठेकेदार गिरफ्तार
दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर को एक 5 मंजिला लड़कों का PG गिर गया। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ। इस पीजी को 'हॉस्टल डेज' नाम से शुभम त्यागी और सुधांशु चला रहे थे, लेकिन वे दोनों अभी तक फरार हैं।
आरोप है कि इस हादसे से ठीक पहले, लेबर ठेकेदार सनोज बेसमेंट में मरम्मत का काम करवा रहा था। सनोज को उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार करके दिल्ली लाया गया है।
PG मालिक हरिरम गुप्ता का परिवार हिरासत में
इस PG के मालिक हरिरम गुप्ता (81), उनकी पत्नी उर्मिला (75) और उनके बेटे महेश (52) को राजस्थान से पकड़ा गया है। हरिरम और उर्मिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि महेश पुलिस रिमांड पर है।
जांच में पता चला है कि इस परिवार ने पिछले कुछ सालों में बिल्डिंग में कई बदलाव किए थे। दिल्ली के नगर निकाय ने 6 महीने पहले ही इसे असुरक्षित घोषित कर दिया था, इसके बावजूद PG का संचालन जारी रहा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन संचालकों से जुड़े दूसरे PG भी नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।