ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में फिर प्रदर्शन, हिरासत में कई नेता; 5,000 जवान तैनात
क्या है खबर?
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आज फिर दिल्ली में प्रदर्शन हुआ। भारतीय यूथ कांग्रेस और नागरिक संगठनों की ओर से इंडिया गेट से लेकर जंतर-मंतर तक मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। AAP कार्यकर्ता उन बसों पर चढ़ गए, जिनमें हिरासत में लिए गए लोगों को ले जाया जा रहा था।
भारद्वाज का बयान
सौरभ भारद्वाज बोले- पुलिस ने मुझे फुटबॉल की तरह फेंका
दिल्ली AAP के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "वे मुझे ऐसे उठा-पटक रहे हैं जैसे मैं कोई फुटबॉल हूं। यहां इतनी बड़ी पुलिस फोर्स है, फिर भी वे अपने ही ACP के खिलाफ FIR दर्ज नहीं कर रहे हैं, न ही ACP को गिरफ्तार कर रहे हैं।'
एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में सौरभ ने कहा, "आज इंडिया गेट पर दिल्ली पुलिस ने मुझे उल्टा कर दिया ताकि मेरा चेहरा कैमरों में न आ सके।"
AISA
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा हिरासत में
पुलिस ने AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को भी हिरासत में ले लिया है। कल हुए प्रदर्शन के दौरान भी उन्हें हिरासत में लिया गया था।
बोरा ने कहा, 'जुल्म चाहे जितना बढ़ जाए, हम डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं। पुलिस की ज्यादती हमारी आवाज को दबा नहीं सकती। न्याय और अधिकारों की लड़ाई में हम डटे रहेंगे। हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हम अपने अधिकारों और न्याय के लिए शांतिपूर्ण तरीके से डटे रहेंगे।'
ट्विटर पोस्ट
प्रदर्शन के दौरान AAP कार्यकर्ता
#WATCH | Delhi | Aam Aadmi Party stages a protest march to India Gate, against the Chief Election Commissioner, Gyanesh Kumar. pic.twitter.com/p4XqnL3LA2
— ANI (@ANI) October 4, 2026
सुरक्षा
5,000 जवान तैनात, ड्रोन से नजर
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अन्य अर्धसैनिक बलों सहित लगभग 5,000 कर्मियों को तैनात किया है।
जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग भी की गई है। टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड, संसद मार्ग और केरल भवन की ओर से जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी और भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
पत्रकार
महिला पत्रकारों के यौन शोषण पर भी बढ़ा विवाद
बीते दिन प्रदर्शन के दौरान 3 महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के कुछ कर्मियों ने उन्हें गलत तरीके से छुआ। ACP विवेक भगत पर भी यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इसे लेकर कल रात से हंगामा जारी है।
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है, लेकिन पत्रकार, वकील और अन्य लोग FIR की मांग पर अड़े हैं। लोग संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विवाद
ज्ञानेश कुमार को लेकर क्या है विवाद?
दरअसल, एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 2 चुनाव आयुक्तों ने चुनाव आयोग के कई फैसलों पर आपत्ति जताई है। इसके बाद से ज्ञानेश विपक्ष के निशाने पर हैं।
उनके इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली मुंबई समेत कई शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।