दिल्ली: आधिकारिक आंकड़ों से कई गुना ज्यादा था प्रदूषण? मॉनिेटरिंग स्टेशन बंद होने से उठे सवाल
क्या है खबर?
दिवाली के दौरान दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या ने फिर पटाखों पर लगे प्रतिबंधों के क्रियान्वयन और प्रदूषण निगरानी एजेंसियों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसे लेकर राजनीतिक घमासान भी मचा है। अब ये भी जानकारी सामने आई है कि दिवाली की रात जैसे-जैसे प्रदूषण बढ़ता गया, वैसे-वैसे दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की वेबसाइट ने कई निगरानी केंद्रों से आंकड़े दिखाना ही बंद कर दिए।
रिपोर्ट
9 बजे बंद हो गया रियल टाइम डेटा
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, रात 9 बजे तक आरके पुरम और नेहरू नगर जैसे इलाके सबसे अधिक प्रदूषित थे। लेकिन अचानक DPCC की वेबसाइट ने कुछ घंटों के लिए आंकड़े दिखाना बंद कर दिया। इनमें आरके पुरम, नेहरू नगर, मुंडका, सोनिया विहार और द्वारका शामिल जैसे स्टेशनों का डेटा शामिल था।
यानी जैसे ही प्रदूषण बढ़ने लगा, कई स्टेशनों से रियल टाइम आंकड़े मिलना बंद हो गए।
अन्य स्टेशन
बाकी स्टेशनों के आंकड़ों ने खोली पोल
रिपोर्ट के मुताबिक, JNU के एक मॉनिटरिंग स्टेशन पर PM2.5 में अचानक वृद्धि देखी गई है। रात 8 बजे तक यहां PM2.5 की सांद्रता केवल 161 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर थी, जो रात 11 बजे बढ़कर 786 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गई।
इसी तरह आरके पुरम में भी PM2.5 की सांद्रता 3 गुना से भी ज्यादा बढ़कर 504 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गई।
आरके पुरम स्टेशन ने रात 9 बजे के बाद आंकड़े दिखाना बंद कर दिया था।
आंकड़े
59 में से 45 स्टेशनों के आंकड़ों में गड़बड़ी
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, दिवाली के दिन 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 45 पर कम से कम एक प्रदूषक के लिए घंटे के हिसाब से आंकड़े उपलब्ध नहीं थे।
IITM स्टेशन पर सभी 8 निगरानी पैमानों पर सबसे ज्यादा 96 आंकड़े गायब थे। इसके अलावा IIT दिल्ली में 63, बुराड़ी क्रॉसिंग में 62, नॉर्थ कैंपस में 55 और पूसा में 52 रीडिंग गायब थी।
इन केंद्रों पर PM10 के 116 आंकड़े और PM2.5 के 55 आंकड़े उपलब्ध नहीं थे।
PM2.5
1,000 के आसपास पहुंचा PM2.5, फिर आंकड़े आना बंद हुए
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, दिवाली की रात कई वायु निगरानी केंद्रों पर PM2.5 का स्तर 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के करीब पहुंचा और फिर डेटा आना ही बंद हो गया। हालांकि, सभी स्टेशन इस दौरान गैसों से जुड़े आंकड़े भेजते रहे।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल कहीं भी PM2.5 की रीडिंग 1,000 से ऊपर नहीं गई। जबकि पिछले साल 39 में से 29 स्टेशनों ने कम से कम एक घंटे के लिए 1,000 से ऊपर रीडिंग दर्ज की थी।
बयान
विशेषज्ञों ने डेटा में गड़बड़ी पर जताई चिंता
CREA के विश्लेषक मनोज कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "चिंता का विषय यह है कि कई लापता रीडिंग उन आंकड़ों से मेल खाती थीं, जो निगरानी उपकरणों की अधिकतम माप सीमा के करीब थीं। केवल 14 स्टेशनों ने ही पूरा डेटा उपलब्ध कराया, जबकि बाकी स्टेशनों में कम से कम एक घंटे का डेटा गायब था। ऐसे डेटा को सामान्य रूप से गायब नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि इससे प्रदूषण का गलत अनुमान लगाया जा सकता है।"