दिल्ली पुलिस ने कनाडा में बैठे गैंगस्टर विक्की हड्डल से जुड़ी हत्या की साजिश को किया नाकाम
दिल्ली पुलिस ने कनाडा में बैठे गैंगस्टर विक्की हड्डल से जुड़ी एक कथित हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया है। असल में जिस व्यक्ति की हत्या का प्लान था, वह बवाना का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि वह हड्डल का रिश्तेदार है। इस पूरी साजिश के पीछे एक पुरानी पारिवारिक दुश्मनी की बात सामने आ रही है। इस महीने की शुरुआत में एक महिला ने अपने पति के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं, जिसके बाद इस साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस ने 5 संदिग्धों को पकड़ा, हथियार भी बरामद किए
महिला की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 सितंबर को रिंकू और सुमित नाम के 2 संदिग्धों को पकड़ लिया। इन दोनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। बताया गया कि ये IGNOU के छात्र ईशू के इशारे पर काम कर रहे थे, जो हड्डल के संपर्क में था। कुल मिलाकर अब तक 5 लोग पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस ने इनके पास से 5 हथियार (जिनमें 2 विदेशी पिस्तौल शामिल हैं) और हमले के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक चोरी की बाइक भी बरामद की है। पुलिस इस साजिश के पीछे के पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है। इस मामले की जांच अभी भी जारी है।