दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान के लिए जारी की नई SOP, जानिए क्या-क्या बनाए हैं नियम
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस ने राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शनों, रैलियों और जनसभाओं के लिए कड़े दिशा-निर्देशों वाली नई मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOP) तैयार की है। यह कदम पिछले अक्टूबर में पुलिस की ओर से जंतर-मंतर को धरना- प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद उठाया गया है। इसके स्थान पर विरोध प्रदर्शनों के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD मैदान को वैकल्पिक स्थलों के रूप में चिन्हित किया गया था।
नियम
नई SOP के नियम और शर्तें
नई SOP के अनुसार, रामलीला मैदान में किसी भी कार्यक्रम में 50,000 से अधिक लोगों के जुटने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, किसी विशेष आयोजन में कितने लोगों को अनुमति दी जाएगी, इसका अंतिम फैसला कार्यक्रम की प्रकृति, संभावित भीड़ और उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों के आधार पर सक्षम अधिकारी करेंगे।
प्रस्तावित नियमों के तहत मैदान में किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति केवल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच ही दी जाएगी।
आवेदन
MCD की मंजूरी और 10 दिन पहले आवेदन
आयोजकों को पुलिस अनुमति से पहले दिल्ली नगर निगम (MCD) से मैदान की उपलब्धता के संबंध में मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
इसके बाद कार्यक्रम से न्यूनतम 10 दिन पहले पुलिस अनुमति के लिए आवेदन करना होगा।
आयोजकों को मैदान में आने वाले लोगों के लिए पीने के साफ पानी, प्राथमिक चिकित्सा सहायता, शौचालय के साथ अन्य सभी स्वच्छता सुविधाओं और कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था खुद ही करनी होगी।
इसके लिए सहमति पत्र देना आवश्यक होगा।
सुरक्षा
आयोजकों की होगी भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी
SOP के अनुसार, भीड़ के प्रबंधन की सीधी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। उन्हें ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बिठाने, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था करने और प्रतिभागियों के लिए ड्रॉप-ऑफ पॉइंट्स तय करने होंगे।
इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि सड़कें और आपातकालीन रास्ते बाधित न हों।
सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर आग्नेयास्त्र, तलवारें, भाले, नुकीली वस्तुएं और अन्य प्रतिबंधित सामान ले जाने पर पूर्ण रोक रहेगी। ड्रोन उड़ाने के लिए भी पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
बयान
पुलिस ने क्या जारी किया है बयान?
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस प्रस्ताव की पुष्टि करते हुए कहा, "SOP का यह मसौदा मंजूरी के लिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय को भेज दिया गया है। यह प्रस्ताव अभी अपने शुरुआती चरण में है और इसके प्रावधानों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। सक्षम अधिकारियों द्वारा प्रस्ताव की गहन जांच किए जाने के बाद ही इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक स्वीकृति मिलते ही अंतिम SOP लागू हो जाएगी।"