दिल्ली में कार के अंदर 3 शव मिलने का मामला जादू-टोना से जुड़ा? तांत्रिक हिरासत में
क्या है खबर?
दिल्ली के बाहरी इलाके में रविवार को एक खड़ी कार के अंदर 3 शव मिलने के मामले में पुलिस जांच कर रही है। अब इसमें शक की सुई एक तांत्रिक पर गई है। पुलिस ने मृतकों के साथ संभावित संबंधों के कारण तांत्रिक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि जिन 3 लोगों के शव कार में मिले हैं, उनकी घटना से कुछ देर पहले तांत्रिक से मुलाकात हुई थी।
जांच
क्या है मामला?
पुलिस को रविवार को पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर सर्विस लेन में एक सफेद टिगोर कार खड़ी मिली थी, जिसके अंदर दो पुरुष और एक महिला का शव था। ड्राइवर सीट पर 76 वर्षीय रणधीर और यात्री की सीट पर 47 वर्षीय रामनरेश का शव था, जबकि पीछे की सीट पर 40 वर्षीय महिला लक्ष्मी का शव था। कार रणधीर की थी और दोनों व्यक्ति एक-दूसरे को जानते थे। दोनों व्यक्ति लक्ष्मी से रविवार सुबह 10:30 बजे पीरागढ़ी इलाके में मिले थे।
जांच
घटना वाले दिन कार में बैठा था तांत्रिक
पुलिस का कहना है कि तीनों पीरागढ़ी में मिलने के बाद कार से रिंग रोड होते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान इनकी मुलाकात तांत्रिक से हुई थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीनों पीरागढ़ी लौट आए। पुलिस ने बताया कि मामले के संबंध में 5 व्यक्तियों से पूछताछ हुई, जिनमें तांत्रिक भी शामिल था। वह घटना वाले दिन CCTV फुटेज में कार की अगली सीट पर बैठा दिखा था।
जांच
तीनों एक-दूसरे को जानते थे- पुलिस
पुलिस ने बताया कि तीनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। रणधीर और रामनरेश प्रॉपर्टी के कारोबार में थे, जबकि लक्ष्मी पश्चिमी दिल्ली के इलाके में केयरगिवर के रूप में काम करती थीं। जांच में मृतकों के शवों के पास शराब की 3 बोतलें और 3 इस्तेमाल किए हुए डिस्पोजेबल गिलास मिले। उन्होंने बताया कि तीनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस को तीनों की हत्या और आत्महत्या का शक है। अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आई है।