दिल्ली-उत्तर प्रदेश में 50 करोड़ की हेरोइन का जाल ध्वस्त, 4 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच चल रहे एक बहुत बड़े हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 7 किलोग्राम से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त किया गया। जब्त किए गए सामान में 6 किलोग्राम से ज्यादा ताजी बनी हेरोइन शामिल है, जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस को बेगमपुर इलाके में इस रैकेट के बारे में एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लक्ष्मण हुड्डा नाम के एक शख्स को ड्रग्स और नगदी के साथ रंगे हाथों पकड़ा।
लखनऊ में पुलिस ने की छापेमारी
लक्ष्मण से मिली जानकारी के बाद जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच के दौरान पुलिस को लखनऊ में चल रही एक अवैध हेरोइन बनाने वाली प्रयोगशाला का पता चला। 4 अक्टूबर को पुलिस ने इस प्रयोगशाला पर छापा मारा और बबलू नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया। पुलिस को प्रयोगशाला से 6 किलोग्राम से ज्यादा ताजी बनी हेरोइन के साथ-साथ इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई खास केमिकल भी मिले। बबलू से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि इस रैकेट का मुख्य सप्लायर रुक्सर अली है। पुलिस ने रुक्सर अली को पकड़ने के लिए करीब 120 किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।