दिल्ली में शिशु तस्करी का जाल ध्वस्त, पुलिस ने 12 को गिरफ्तार कर 5 मासूमों को दिलाई रिहाई
देश
दिल्ली पुलिस ने शिशु तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। दिल्ली और राजस्थान में एक साथ की गई कार्रवाई में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और 5 बच्चों को बचाया गया है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह दूसरे राज्यों से फर्जी कागजात के सहारे नवजात शिशुओं को लाता था और फिर मोटी रकम लेकर उन्हें परिवारों को बेच देता था।
गिरोह पर 20 से अधिक शिशुओं को बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, इस सिंडिकेट ने दिल्ली-NCR इलाके में 20 से ज्यादा बच्चों को पहले ही बेच दिया था। हरियाणा में भी इस तरह के कई मामले सामने आने की खबर है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि गिरोह ने फर्जी दस्तावेज कैसे तैयार किए और शिशुओं को एक राज्य से दूसरे राज्य में कैसे ले जाया गया। इस संगठित गिरोह की जांच अभी जारी है और उम्मीद है कि आने वाले समय में इससे जुड़े और भी खुलासे होंगे।