Page Loader
प्रयागराज में महाकुंभ की यात्रा के लिए बदमाश ने दिल्ली के 3 घरों में चोरी की
प्रयागराज के महाकुंभ में जाने के लिए दिल्ली में चोरी

प्रयागराज में महाकुंभ की यात्रा के लिए बदमाश ने दिल्ली के 3 घरों में चोरी की

लेखन गजेंद्र
Jan 23, 2025
04:41 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। दिल्ली में एक व्यक्ति ने महाकुंभ की यात्रा के लिए 3 घरों में चोरी को अंजाम दिया। आरोपी का नाम अरविंद उर्फ भोला है। वह महाकुंभ के लिए पैसे जुटाना चाहता था। पुलिस ने आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने बयान में पुलिस को यह जानकारी दी है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

चोरी

अरविंद ने पुलिस को क्या बताया?

द्वारका में दिल्ली पुलिस की चोरी सेल द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी अरविंद ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ महाकुंभ जाना चाहता था, जिसके लिए पैसों की जरूरत थी। उसने बताया कि उसके पिता मजदूर हैं और मां घरों में काम करती है। उसके 7 अन्य भाई-बहन है, ऐसे में उसके लिए महाकुंभ जाना मुश्किल था। ऐसे में उसने चोरी की योजना बनाई और 17 जनवरी को डाबरी के राजपुरी में 3 घरों में चोरी की।

जांच

पहले भी कर चुका है चोरियां

यह पहली बार नहीं है, जब अरविंद ने चोरियों को अंजाम दिया हो। उसके खिलाफ चोरी और सेंधमारी के कुल 17 मामले दर्ज हैं। उसने पुलिस को बताया कि नशे की लत और गरीबी दूर करने के लिए उसने चोरी करना शुरू किया था। उसे सबसे पहले 2020 में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि वह अरविंद के महाकुंभ वाले बयान पर यकीन नहीं कर रही है। अरविंद के गिरोह को तलाशा जा रहा है।