दिल्ली पुलिस ने दबोचा 2 करोड़ का डेटिंग महाठग आनंद कुमार, 500 से ज्यादा महिलाओं को बनाया शिकार
दिल्ली पुलिस ने आनंद कुमार नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उस पर 2 करोड़ रुपये के डेटिंग स्कैम का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आनंद कुमार ने डेटिंग ऐप्स पर 500 से ज्यादा महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनसे करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की। वह खुद को कभी डॉक्टर, तो कभी बड़ा बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताता था। पहले वह महिलाओं का भरोसा जीतता था, उनसे शादी का वादा करता था और फिर अलग-अलग बहाने से उनसे पैसे मांगता था। कई बार तो वह किसी इमरजेंसी का नाटक करके पैसे लेता था। उसने कुछ महिलाओं की निजी तस्वीरें लेकर उन्हें ब्लैकमेल भी किया। यह मामला तब सामने आया, जब एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि आनंद कुमार ने उससे 7 लाख रुपये ठग लिए थे।
पुलिस ने पश्चिम बंगाल तक किया आनंद का पीछा
डिजिटल सुरागों की मदद से पुलिस ने आनंद कुमार का पश्चिम बंगाल में पता लगाया और उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और सोने के जेवर बरामद किए। पुलिस का कहना है कि ये सभी चीजें ठगी के इस मामले से जुड़ी हुई हैं। इस मामले में आगे की जांच चल रही है। दिल्ली पुलिस ने हाल ही में एक और निवेश फ्रॉड का खुलासा किया है, जहां धोखेबाज वॉट्सऐप के जरिए लोगों को हाई रिटर्न का लालच देकर फंसा रहे थे।