बच्चा गोद लेने के नाम पर ठगी, दिल्ली पुलिस ने दबोचे 1.37 लाख रुपये ऐंठने वाले 2 शातिर
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो बच्चे गोद लेने वाले परिवारों को अपना निशाना बना रहा था। इस गिरोह में सचिन (46) और राकेश कुमार (52) नाम के 2 आरोपी शामिल हैं, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार किया है। दरअसल, दिल्ली की एक महिला ने इन दोनों के खिलाफ 1.37 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि गोद दिलाने के बहाने इन लोगों ने उससे ये पैसे ऐंठे थे।
एजेंसी बनकर करते थे ठगी
ये दोनों खुद को एक गोद लेने वाली एजेंसी का प्रतिनिधि बताते थे। वे लोगों से किस्तों में पैसे लेते थे और उन्हें भरोसा दिलाने के लिए फर्जी रसीदें और जाली दस्तावेज भी देते थे।
जैसे ही उन्हें पूरा पैसा मिल जाता था, वे तुरंत गायब हो जाते थे। पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड और कॉल लॉग जैसे डिजिटल सबूतों की मदद से इन तक पहुंच बनाई और आखिरकार उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तारी के वक्त उनके पास से जाली अस्पताल की मोहरें और वित्तीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। अब पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस ठगी के दूसरे शिकार लोगों तक भी पहुंचा जा सके और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सके।