दिल्ली में पेट्रोल 102 पार, डीजल भी महंगा: कच्चा तेल सस्ता, फिर क्यों बढ़ रहे दाम?
दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें फिर से आसमान छू रही हैं। 2 हफ्तों में चौथी बार बढ़ोतरी के बाद अब यहां पेट्रोल 102 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। वहीं, डीजल भी इससे पीछे नहीं है, जो अब 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। लगातार बढ़ रही इन कीमतों से गाड़ी में तेल भरवाना अब जेब पर भारी पड़ रहा है।
कच्चे तेल की कीमत गिरने के बावजूद ईंधन की कीमत बढ़ी
15 मई से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतें करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुकी हैं। इससे आम लोगों की महंगाई को लेकर चिंता और भी गहरा गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह बढ़ोतरी तब हो रही है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम हाल ही में थोड़े गिरे हैं।
दरअसल, इसकी बड़ी वजह यह है कि सरकारी तेल कंपनियां पिछले समय में कीमतों को स्थिर रखने से हुए भारी नुकसान की भरपाई में जुटी हैं। इसके साथ ही, होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अहम सप्लाई रूट पर चल रहे भू-राजनीतिक जोखिमों के कारण डिलीवरी की लागत भी बढ़ गई है। जानकारों की मानें तो अगर इन इलाकों में फिर से तनाव बढ़ता है, तो ईंधन और भी महंगा हो सकता है।