दिल्ली में असम और नागालैंड की 2 युवतियों से मारपीट और अभद्रता, 4 आरोपियों की पहचान
क्या है खबर?
दिल्ली में एक बार फिर पूर्वोत्तर की युवतियों से नस्लीय भेदभाव का मामला सामने आया है। इस बार नेहरू प्लेस इलाके में असम और नागालैंड की युवतियों को निशाना बनाया गया है। घटना रविवार 10 मई की बताई जा रही है। युवतियों ने आरोप लगाया कि सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के इरोस होटल के पास चाय पीते समय उनके साथ छेड़छाड़ की गई और नस्लवादी टिप्पणियां की गईं। पुलिस ने युवतियों की शिकायत पर 4 युवकों की पहचान की है।
हमला
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम को एक युवती अपनी दोस्त के साथ नेहरू प्लेस में इरोस होटल के पास चाय पीने पहुंची थीं, तभी कुछ युवकों ने उन पर अश्लील और नस्लीय टिप्पणी की। युवतियों के बहस के बाद मामला बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दोनों ने मौके से निकलने की कोशिश की तो उन पर युवकों ने बांस की छड़ी से हमला किया और उनके कपड़े फाड़े। इसके बाद युवतियों ने मौके पर पुलिस बुलाई।
जांच
CCTV जांच में हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद टीम ने आसपास के इलाकों में CCTV फुटेज की जांच और 8 गवाहों से पूछताछ के बाद 4 मुख्य आरोपियों की पहचान की है। पुलिस टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनसे जुड़े स्थानों और पतों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच से पता चला कि पीड़ितों को अपमानजनक टिप्पणियों और गालियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।