दिल्ली के होटल में आग ने कैसे लिया भयानक रूप? सामने आए 2 कारण
क्या है खबर?
दिल्ली में मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में जिस फ्लोरिश स्टे बेड-एंड-ब्रेकफास्ट होटल में 3 जून को आग लगी थी, उसकी जांच जारी है। इस बीच, होटल में आग के तेजी से फैलने के 2 बड़े कारण सामने आ रहे हैं, जिसमें एक तेल तलने वाले उपकरण को खुला छोड़ना और दूसरा गैस रिसाव से आग लगना बताया जा रहा है। अधिकारी जांच कर रहे हैं कि आग कैसे लगी और किन परिस्थितियों में तेजी से फैल गई।
हादसा
रसोई से फैली आग?
पुलिस का मानना है कि होटल की रसोई में रसोइया केशव नेगी चाय बना रहा था, तभी उसने तेल तलने वाला यंत्र चालू कर दिया और भूल गया। पुलिस का मानना है कि अत्यधिक गर्म तेल अपने स्वतः प्रज्वलन तापमान तक पहुंच गया और आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास की ज्वलनशील सामग्री को अपनी चपेट में लेकर भयावह रूप ले लिया। आग रसोईघर में रखे गत्ते और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं की वजह से भड़क गई।
आग
कर्मचारी खुद भागे, लेकिन होटल के मेहमानों को सूचना नहीं दी
पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने पहले आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू होने पर भाग गया। उसने होटल में रह रहे मेहमानों को सूचना नहीं दी और न ही आपातकालीन नंबर पर फोन किया। इससे आग ने 30 मिनट में भयावह रूप ले लिया। घटना के समय होटल में 3 कर्मचारी मौजूद थे, उसमें से नेगी और प्रबंधक रूपेश मौका लगते ही होटल से बाहर आ गए थे। राकेश अभी फरार है।
रिसाव
गैस रिसाव को भी बताया कारण
इसके अलावा, दिल्ली की साकेत अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान जांच अधिकारियों ने एक अलग कारण बताया है। उसने नेगी की हिरासत मांगते हुए बताया कि आग खाना पकाने वाली गैस के रिसाव के कारण लगी थी। हालांकि, अधिकारियों ने सटीक कारण की पुष्टि करने वाली अंतिम फोरेंसिक रिपोर्ट जारी नहीं की है। होटल में आग से सतर्क करने वाले सेंसर भी नहीं लगे थे, जिससे लोगों को भयावह का पता नहीं चल सका।
जांच
आग का कारण समझने के लिए IIT दिल्ली की मदद
दिल्ली पुलिस होटल में तेजी से फैलने वाली आग का कारण समझने के लिए IIT दिल्ली से संपर्क करेगी, जिसके लिए उसने पत्र भी लिखा है। संस्थान से इमारत की संरचना को समझने के लिए मदद ली जाएगी कि तेल यंत्र से आग पूरी इमारत में इतनी तेजी से कैसे फैली। इस प्रक्रिया में 3डी मैपिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे इमारत की संरचना का पता लगाने में मदद मिलेगी। ये निष्कर्ष आरोपपत्र में शामिल होंगे।
आग
होटल की आग में 13 विदेशियों समेत 22 की मौत
दिल्ली के बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल में 3 जून की सुबह अचानक आग लग गई थी, जिसमें 13 विदेशी समेत 22 लोगों की मौत हुई थी। इसमें गुरूग्राम के एक परिवार के 8 लोग भी शामिल थे, जो अपने परिवार के एक सदस्य का मैक्स में इलाज करा रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज, रसोईये केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। बजाज के अकाउंटेट जय मिश्रा ने आत्मसमर्पण किया है।