आज दिल्ली में हो सकती है पानी की किल्लत! DJB ने जारी की चेतावनी
दिल्ली के लोगों के लिए एक ज़रूरी सूचना है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) 15 अप्रैल को चंद्रावल वॉटर वर्क्स-II को मरम्मत के लिए बंद रखेगा, जिस वजह से कई इलाकों में पानी का दबाव कम हो सकता है या पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इन इलाकों में सिविल लाइंस, करोल बाग, पटेल नगर, कमला नगर, पहाड़गंज और छावनी व दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्से शामिल हैं। यह काम सुबह 10 बजे से लगभग छह घंटे तक चलेगा।
दिल्ली जल बोर्ड ने पानी जमा करने की अपील की
DJB ने इन इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे पहले से पर्याप्त पानी जमा कर लें और पानी की कमी के दौरान उसका सोच-समझकर इस्तेमाल करें। यह मरम्मत का काम भविष्य में पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। अगर पानी खत्म हो जाए या कोई मदद चाहिए, तो आप DJB के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर कॉल कर सकते हैं। DJB ने बताया है कि काम खत्म होने के बाद पानी की आपूर्ति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।