दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामले 2,300 के पार, स्कूलों के लिए दिशानिर्देश जारी
क्या है खबर?
दिल्ली में इंफ्लूएंजा H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मरीजों में तेजी से बढ़ोतरी दिख रही है। मंगलवार को मरीजों का आंकड़ा 2,308 पहुंच गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और अधिकारियों को केंद्र द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त स्कूलों को एक सलाह जारी की है।
वायरस
स्कूलों को क्या सलाह दी गई है?
सलाह में कहा गया है कि मौसमी फ्लू और स्वाइन फ्लू से घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन कर्मचारी, शिक्षकों और छात्रों से सावधानी बरतने को कहा है।
खांसते और छींकते समय मुंह पर रूमाल रखने और हाथ धोने को कहा गया है। आवश्यक समझे जाने पर मास्क का उपयोग भी कर सकते हैं।
स्कूलों को सुबह की सभा, नोटिस बोर्ड, अभिभावक संचार चैनलों और स्कूल के डिजिटल प्लेटफार्मों से यह जानकारी प्रसारित करने को कहा है।
अलर्ट
दिल्ली सरकार अलर्ट मोड पर
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा फ्लू और डेंगू को लेकर बैठक की गई थी, जिसमें सभी निगम के अधिकारियों को बुलाया गया था।
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के जो मरीज सामने आए हैं, उसमें कई मामूली बीमार हैं और ठीक हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू के 2,308 मामले, दूसरे फ्लू के 650 मामले और डेंगू के 2,200 मामले सामने आ चुके हैं। कोई मरीज गंभीर नहीं है और न कोई मौत हुई है।