दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के 'शीशमहल' को आम जनता के लिए खोलेगी भाजपा सरकार, टिकट लगेगा
क्या है खबर?
दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विवादित सरकारी आवास को मौजूदा भाजपा सरकार आम जनता के लिए खोलने जा रही है। भाजपा इस आवास को 'शीशमहल' कहती है। कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि शीश महल को आम जनता के लिए खोला जाएगा। अगले हफ्ते से दिल्ली के लोग इसे देखने जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि टिकट बुकिंग और पंजीकरण जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
घोषणा
सरकार मीडिया को दिखाएगी शीशमहल- प्रवेश
वर्मा ने कहा कि अगले 2-3 दिन में पहला दौरा होगा, जिसमें सरकार देश की मीडिया को शीशमहल दिखाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने कभी कार न रखने और बंगले में न रहने का दावा किया था, उसने कई बंगले, कर्मचारी आवास और गैरेज तुड़वा दिया और शीशमहल बना लिया।
उन्होंने कहा कि जनता को सिर्फ शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर वाला कमरा दिखाया गया, जबकि परिसर में किसी को जाने की अनुमति नहीं थी।
खास
भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण- वर्मा
वर्मा ने आगे कहा कि अब लोग खुद देख सकेंगे कि अंदर के हर कमरे में स्मार्ट लाइट्स लगी हैं, जिन्हें रिमोट कंट्रोल से बदला जा सकता है...जैसे गुलाबी, नीला, भूरा और काला।
उन्होंने बताया कि शीशमहल में करोड़ों रुपये के पर्दे लगाए गए हैं और वियतनामी मार्बल है, जिसे हर कोई इसे अपनी आंखों से देख सकेगा।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण बताया जा रहा शीशमहल अब दिल्ली में आम जनता के लिए खुलेगा।
ट्विटर पोस्ट
प्रवेश वर्मा ने किया ऐलान
VIDEO | Addressing a press conference, Delhi Minister Parvesh Verma, says, "The Sheesh Mahal will be opened to the public. From next week, the people of Delhi will be able to visit it. Details regarding the arrangements, including how to book tickets and make reservations, will… pic.twitter.com/Gg7T8APxdS
— Press Trust of India (@PTI_News) November 17, 2026
शीशमहल
बंगले को लेकर क्या है विवाद?
दिल्ली में मुख्यमंत्री के पास कोई सरकारी आवास नहीं होता, ऐसे में केजरीवाल ने सिविल लाइंस में फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को आधिकारिक आवास बनाया था।
भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल ने बंगले की मरम्मत पर 44.78 करोड़ रुपये मार्बल फर्श, कंसल्टेंसी, बिजली संबंधी फिटिंग, अग्निशमन प्रणाली, अलमारी और किचन उपकरणों पर खर्च की।
गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद CBI और ED जांच कर रही है। भाजपा ने इसे 'शीशमहल' बताकर चुनावी मुद्दा बनाया था।