स्मार्ट लाइटों से जगमगाएगी दिल्ली, 473 करोड़ की परियोजना को मंजूरी
दिल्ली की सड़कों पर जल्द ही नई चमक दिखने वाली है! सरकार ने शहर की सड़कों पर लगी 96,000 पुरानी स्ट्रीट लाइटों को हटाकर उनकी जगह स्मार्ट LED लाइटें लगाने के लिए लगभग 473.24 करोड़ रुपये के एक प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है। इतना ही नहीं, जिन जगहों पर रोशनी कम है, वहां 5,000 नए खंभे भी लगाए जाएंगे। इन सबका मकसद यही है कि दिवाली तक दिल्ली की सड़कें पहले से ज्यादा रोशन और सुरक्षित हो जाएं।
दिल्ली का कमांड सेंटर रोशनी पर रखेगा नजर
शहर की सभी लाइटों पर नजर रखने के लिए एक नया सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनेगा। इससे अगर कोई भी लाइट खराब होती है, तो उसकी मरम्मत फौरन की जा सकेगी। यह सिस्टम अपने आप लाइट की चमक को कम या ज्यादा भी करेगा, जिससे बिजली की काफी बचत होगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से हर साल बिजली के बिल में करीब 25 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मौजूदा सिस्टम की कमियों पर खास तौर पर बात हुई। पहले खराब लाइटों को ठीक करवाना एक बड़ी सिरदर्दी थी, मुख्यमंत्री ने इस ओर ध्यान दिलाया।