दिल्लीवासियों की सेहत से खिलवाड़: 19 घी के नमूने असुरक्षित, सरकार ने रद्द किए लाइसेंस
जैसे-जैसे त्योहारों का मौसम नजदीक आ रहा है और लोग मिठाइयां बनाने की तैयारी कर रहे हैं, दिल्ली के बाजारों में बिक रहे घी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर भर से घी के 59 नमूने इकट्ठा किए। जब इनकी जांच की गई, तो पता चला कि इनमें से 19 नमूने खाने के लिए असुरक्षित हैं।
विभाग ने सिर्फ बाजार से घी के नमूने ही नहीं उठाए, बल्कि उन जगहों की भी जांच की जहां ये क्विक कॉमर्स और रिटेल ब्रांडों के उत्पाद रखे जाते थे। इन ठिकानों पर भी कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। उदाहरण के लिए, स्विगी इंस्टामार्ट के गोदामों में एक्सपायर्ड सामान मिला, जबकि रिलायंस रिटेल के कुछ ठिकानों पर कीड़े-मकोड़े घूमते पाए गए।
दिल्ली सरकार ने घी बेचने वालों के लाइसेंस रद्द किए
दिल्ली सरकार इस पूरे मामले को हल्के में नहीं ले रही है। असुरक्षित घी बेचने वाले ठिकानों को तुरंत बंद करने और उनके लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ तौर पर कहा है कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।