दिल्ली के व्यापारियों की राहुल गांधी से अपील- 1 नवंबर की रैली न करें, कारोबार प्रभावित होगा
क्या है खबर?
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने जा रही है। अब दिल्ली के व्यापारियों ने इस रैली को स्थगित करने की अपील की है। व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल को पत्र लिखकर रैली स्थगित कर 10 नवंबर के बाद करने का अनुरोध किया है। इसके पीछे त्योहारी मौसम में कारोबार प्रभावित होने की हवाला दिया गया है।
पत्र
25,000 करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित होने की आशंका
CTI अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि अगर तय तारीख पर विरोध प्रदर्शन होता है, तो त्योहारी सीजन के चरम समय में 10,000 करोड़ रुपये का संभावित व्यापारिक नुकसान हो सकता है।
गोयल ने कहा, "धनतेरस पर लगभग 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। धनतेरस 6 नवंबर को है। ये व्यापार दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। पिछले महीने हुए प्रदर्शनों और उसके बाद उठाए गए एहतियाती कदमों के कारण व्यापारियों को 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।"
अपील
CTI ने कहा- रामलीला मैदान के आसपास कई बाजार
CTI ने कहा, "रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में प्रसिद्ध होलसेल-रिटेल बाजार हैं। इनमें चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, कश्मीरी गेट, नया बाजार, मोरी गेट, किनारी बाजार, दरीबा, दरिया गंज, अजमेरी गेट, जामा मस्जिद, झंडेवालान, करोल बाग, नबी करीम, आजाद मार्केट, लाजपत राय मार्केट आदि शामिल हैं। यहां से पूरे भारत में माल जाता है। रैली के कारण ट्रैफिक और मेट्रो स्टेशन बंद रहने और बैरिकेडिंग से काम पूरी तरह ठप हो जाएगा।"