दिल्ली की यमुना में क्रूज सफर का कैसे लें आनंद? जानिए टिकट से लेकर हर चीज
क्या है खबर?
दिल्ली की यमुना नदी में अब क्रूज का आनंद मिलेगा। मंगलवार को केंद्रीय बंदरगाह मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोनिया विहार में एक क्रूज सर्विस का उद्घाटन किया। इस परियोजना का मकसद वजीराबाद बैराज के ऊपर यमुना नदी के हिस्से में नदी पर्यटन को बढ़ावा देना है और यह साबित करना है कि यमुना पहले के मुकाबले बेहतर हुई है। यह क्रूज कहां से कहां तक चलेगी और इस पर सफर का आनंद कैसे ले सकते हैं? आइए, जानते हैं।
सफर
क्या दिल्ली सरकार चला रही है क्रूज?
इस परियोजना की अगुवाई भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) कर रहा है। यह पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अधीन आता है।
इसका नाम 'नमो यमुना रिवर सफारी' रखा गया है। पिछले महीने IWAI और दिल्ली सरकार के अधिकारियों की मौजूदगी में क्रूज का परीक्षण हुआ था।
परियोजना में दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का सहयोग है।
परियोजना के लिए मार्च 2025 में समझौता हुआ था।
दाम
कितना है किराया?
क्रूज उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सोनिया विहार से चलेगी और 4-6 किलोमीटर का जलमार्ग पारकर जगतपुर गांव के शनि मंदिर घाट होते हुए वजीराबाद घाट पहुंचेगी।
क्रूज 35-45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी। क्रूज में प्रति यात्री टिकट 500 रुपये और परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये होगा। टिकट को काउंटर या दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट से ले सकेंगे।
क्रूज एक दिन में 4 ट्रिप पूरी करेगी। ट्रिप सुबह 9 बजे से शाम तो 7 बजे तक चलने की योजना है।
खासियत
क्या है क्रूज की खासियत?
क्रूज में इलेक्ट्रिक इंजन है, जो प्रदूषण और शोर कम करने के उद्देश्य से लगाया गया है। यात्रियों के लिए वातानुकूलित केबिन बनाए गए हैं।
इनबोर्ड जीरो-डिस्चार्ज बायो टॉयलेट होंगे, ताकि गंदगी सीधे नदी में न जाए। यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट दी जाएगी और यात्री नाव के ऊपरी हिस्से से भी नदी का नजारा देख सकेंगे।
पहले इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड नावों का उल्लेख था, जबकि उद्घाटन इलेक्ट्रिक चालित क्रूज का हुआ है।
चुनौती
क्या आसान है यमुना में क्रूज चलना
यमुना से पहले वाराणसी में भी क्रूज चला है। हालांकि, नदियों की हालत बिगड़ने से क्रूज का सफर चुनौतीपूर्ण है।
यमुना का जलस्तर भी बड़ी चुनौती है। मई 2026 में हिंदुस्तान टाइम्स ने बताया था कि गर्मियों में नदी का जलस्तर गिरने से क्रूज उथले पानी में फंस गई थी।
बता दें कि यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 (NW-110) घोषित किया गया है। इसका घोषित जलमार्ग जगतपुर (दिल्ली) से प्रयागराज तक 1,080 किलोमीटर का है।
ट्विटर पोस्ट
यमुना में क्रूज
#WATCH दिल्ली: केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ मिलकर सोनिया विहार में यमुना नदी पर मनोरंजक क्रूज सेवा का उद्घाटन किया। pic.twitter.com/LdEaNuWLld
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 10, 2026