दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, लगेंगी एक लाख स्मार्ट लाइट और 50,000 CCTV कैमरे
दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ा सुधार होने वाला है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में घोषणा की है कि शहर में एक लाख स्मार्ट स्ट्रीटलाइट और 50,000 नए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। दौलत राम कॉलेज में इस योजना का ऐलान किया गया, जिसका मुख्य मकसद सार्वजनिक जगहों को महिलाओं के लिए ज़्यादा सुरक्षित बनाना है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, "दिल्ली की हर लड़की बिना किसी डर के अपने सपनों को पूरा कर पाएगी।"
स्मार्ट स्ट्रीटलाइट्स कंट्रोल हब से जुड़ेंगी
ये सभी स्मार्ट स्ट्रीटलाइट एक केंद्रीय कंट्रोल हब से जोड़ी जाएंगी। इससे उनकी निगरानी करना और किसी खराबी को तुरंत ठीक करना आसान हो जाएगा। इस कार्यक्रम में आत्मरक्षा का एक प्रदर्शन भी दिखाया गया। साथ ही 'मिस DRC टैलेंट हंट' की शुरुआत भी हुई, जिसका मकसद छात्राओं को पढ़ाई के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी अपना आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है। गुप्ता ने जोर देकर कहा कि असली बदलाव महिलाओं को सीमित करने की बजाय उनका सम्मान करने से ही आएगा।