Loading...
दिल्ली के चावड़ी बाजार हादसे में फरीदाबाद से 3 ठेकेदार गिरफ्तार, निगम के 2 अधिकारी निलंबित
दिल्ली के चावड़ी बाजार हादसे में फरीदाबाद से 3 ठेकेदार गिरफ्तार

दिल्ली के चावड़ी बाजार हादसे में फरीदाबाद से 3 ठेकेदार गिरफ्तार, निगम के 2 अधिकारी निलंबित

लेखन गजेंद्र
Nov 06, 2026
10:36 am

क्या है खबर?

दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार को एक निर्माणाधीन 3 मंजिला इमारत के गिरने के मामले में पुलिस ने 3 ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। तीनों की पहचान ताजुद्दीन, फुरकान और सिराज के रूप में हुई है, जो अजमेरी गेट दिल्ली के निवासी हैं। उनको हरियाणा के फरीदाबाद से पकड़ा गया है। तीनों को अवैध तरीके से निर्माण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इमारत भी अवैध बताई जा रही है। हादसे में 2 लोगों की मौत हुई थी।

कार्रवाई

निगम के 2 अधिकारी निलंबित

हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इलाके का दौरा किया। उन्होंने दिल्ली नगर निगम (MCD) के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबिद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि दोनों इंजीनियरों को उनके काम में लापरवाही की वजह से निलंबित किया गया है, क्योंकि उनको निर्माण गतिविधि पर नजर रखनी होती है और इमारत सुरक्षा नियमों का पालन कराना होता है।

गुप्ता ने अफसरों को चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

हादसा

कल हुआ था हादसा

चावड़ी बाज़ार मेट्रो स्टेशन के पास शीश महल की संकरी गली सत्तारा में 3 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। यहां पिछले 3 से 4 महीने से काम चल रहा था।

घटना के बाद मौके पर पुलिस और बचाव दल के कर्मी पहुंचे। मलबे से 2 शवों को निकाला गया और करीब 15 लोग घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि इमारत की सभी छत एक साथ ढह गई। यहां चल रहे काम पर सवाल उठ रहे हैं।

ADVERTISEMENT