BRICS शिखर सम्मेलन: 30,000 सुरक्षाकर्मी तैनात, अलग-अलग होटलों में ठहरेंगे पुतिन, जिनपिंग और पेजेश्कियान
क्या है खबर?
नई दिल्ली 12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। इसमें रूस, चीन समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और कारोबारी नेता शामिल होंगे। इसके लिए दिल्ली में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। कुछ विदेशी मेहमानों की सुरक्षा से जुड़ी टीमें पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं। जिन होटलों में गणमान्य नागरिक ठहरने वाले हैं, वहां हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
रूस
पुतिन 11, जिनपिंग 12 सितंबर को आएंगे भारत
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 11 सितंबर को भारत पहुंचेंगे। अगले दिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली आएंगे। दोनों पालम स्थित वायुसेना स्टेशन पर उतरने के बाद चाणक्यपुरी इलाके में स्थित होटलों में ठहरेंगे।
इंडियन एक्सप्रेस से एक सूत्र ने कहा, "चीन और रूस की सुरक्षा टीमें होटलों में पहुंच चुकी हैं। ये टीमें अत्याधुनिक हथियार और सुरक्षा उपकरण लेकर आई हैं। सुरक्षाकर्मियों को राष्ट्रपति के ठहरने वाले तल से लेकर होटलों की छतों तक तैनात कर दिया गया है।"
पुलिसकर्मी
30,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
दिल्ली पुलिस ने शिखर सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हवाई अड्डे, होटलों और भारत मंडपम में लगभग 30,000 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। इनमें से लगभग आधे कर्मी दिल्ली पुलिस के हैं, जबकि शेष अर्धसैनिक बलों से हैं।
एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "बेहतर समन्वय के लिए सुरक्षा ग्रिड को सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर सेक्टर की जिम्मेदारी एक पुलिस उपायुक्त या अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को सौंपा गई है।"
होटल
एक ही होटल में ठहरेंगे पुतिन और बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल
रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन बांग्लादेश के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक ही होटल में ठहरेंगे। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान एक अलग होटल में ठहरेंगे।
चीन और बेलारूस के राष्ट्रपति एक ही होटल में ठहरेंगे।
इसके अलावा मलेशिया के प्रधानमंत्री, नाइजीरिया के राज्य मंत्री, युगांडा के उपराष्ट्रपति और संयुक्त राष्ट्र महासचिव भी एक ही होटल में ठहरेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति बुरुंडी के राष्ट्रपति के साथ एक ही होटल में ठहरेंगे।
तकनीक
सुरक्षा में तकनीक का भी इस्तेमाल
सम्मेलन से जुड़े होटल और अहम स्थानों पर AI कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है।
किसी भी संभावित ड्रोन खतरे से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किए गए हैं।
होटल में काम करने वाली सभी कर्मचारियों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन किया गया है।
मुख्य कार्यक्रम स्थल और होटलों में प्रवेश के लिए फेशियल रिकग्निशन और बायोमीट्रिक सिस्टम का इस्तेमाल होगा।
100 से ज्यादा NSG कमांडो को भी तैनात किया गया है।
नेता
कौन-कौन हो रहा शामिल?
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा सम्मेलन में शामिल होंगे।
उनके अलावा बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल, नाइजीरिया के राष्ट्रपति अहमद टिनुबू, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल भी भारत आएंगे।