Page Loader
दिल्ली: आज खुलेगा आश्रम फ्लाईओवर, फिलहाल केवल हल्के वाहनों की होगी एंट्री 
दिल्ली का आश्रम फ्लाईओवर सोमवार से हल्के वाहनों के लिए खुल जाएगा (तस्वीर: ट्विटर/@anindyatimes)

दिल्ली: आज खुलेगा आश्रम फ्लाईओवर, फिलहाल केवल हल्के वाहनों की होगी एंट्री 

लेखन गजेंद्र
Mar 06, 2023
11:37 am

क्या है खबर?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आश्रम फ्लाईओवर को सोमवार शाम 5ः00 बजे तक खोल दिया जाएगा। अभी फिलहाल हल्के वाहनों को ही इससे गुजरने की अनुमति दी जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। इसके मद्देनजर यातायात पुलिस ने लोगों के लिए परामर्श जारी किया है। बारामुला फ्लाईओवर का उपयोग करने वाले राहगीरों को आश्रम फ्लाईओवर उपयोग करने की सलाह दी गई है, जबकि सराय काले खां से आने वाले यात्रियों के लिए मनाही है।

सुविधा

दिल्ली से नोएडा के बीच आवागमन होगा सुविधाजनक

आश्रम फ्लाईओवर के विस्तार से दिल्ली से नोएडा के बीच लोगों का आवागमन काफी सुविधाजनक हो जाएगा। रैंप सहित इस 1,425 मीटर फ्लाईओवर का निर्माण जून, 2020 में शुरू हुआ था। इसको बनाने में 128.25 करोड़ रुपये की लागत आई है। गुरुग्राम, चिराग दिल्ली, कालकाजी, ग्रेटर कैलाश, साकेत, एम्स, INA, सफदरजंग और धौला कुआं की तरफ से आने वाले और सराय काले खां, गाजियाबाद, DND और नोएडा जाने वाले हल्के वाहन इसका उपयोग कर सकेंगे।