दिल्ली में अब सड़कों की खुदाई बंद, ट्रैफिक जाम से मिलेगी स्थायी राहत
दिल्ली सरकार ने हाल ही में एक नई योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत अब जमीन के अंदर यूटिलिटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। आप इन्हें पानी, गैस, बिजली और आग से सुरक्षा से जुड़ी लाइनों के लिए बनी सुरंगें समझ सकते हैं, जो सड़कों के नीचे सुरक्षित रहेंगी।
इस बड़े कदम का सीधा मकसद है कि सड़कों की बार-बार होने वाली खुदाई खत्म हो और लोगों को आने-जाने में ट्रैफिक जाम की परेशानी से राहत मिले।
चांदनी चौक में हवादार डक्ट का पायलट प्रोजेक्ट
यह पायलट प्रोजेक्ट चांदनी चौक में शुरू करने का प्रस्ताव है। शुरुआत में, एस्प्लेनेड रोड पर 310 मीटर और मोर सराय रोड पर 560 मीटर तक नए डक्ट बनाए जाएंगे। ये भूमिगत रास्ते बार-बार होने वाली मरम्मत और ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हद तक कम कर देंगे।
इनमें हवा आने-जाने की अच्छी व्यवस्था (वेंटिलेशन) और आग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी होंगे। अगर यह योजना यहां सफल होती है, तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा।