BRICS से पहले दिल्ली हवाई अड्डे का अहम निर्देश, जाम से बचने के लिए तुरंत करें ये काम
अगर आप 11 से 13 सितंबर के बीच दिल्ली से हवाई यात्रा करने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। दिल्ली एयरपोर्ट ने BRICS शिखर सम्मेलन से पहले यात्रियों के लिए एक यात्रा सलाह जारी की है।
इस दौरान आपको ट्रैफिक डायवर्जन और कड़ी सुरक्षा देखने को मिल सकती है। इसलिए अपनी फ्लाइट के लिए सामान्य से थोड़ा पहले निकलें और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर चलें।
एयरपोर्ट एक्सप्रेस और मैजेंटा लाइन का करें इस्तेमाल
सड़कों पर होने वाली भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए एयरपोर्ट ने दिल्ली मेट्रो के इस्तेमाल की सलाह दी है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सीधे टर्मिनल 2 और 3 तक जाती है, जबकि टर्मिनल 1 तक पहुंचने के लिए मैजेंटा लाइन का उपयोग किया जा सकता है।
अधिकारियों ने यात्रियों से यह भी अनुरोध किया है कि वे प्रतिबंधित इलाकों में जाने से बचें, यात्रा संबंधी अपडेट्स पर लगातार नजर रखें और अपनी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें।